वास्तु के अनुसार घर में इन चीजों को रखने से धन हानि होने की रहती है संभावना

वास्तु के अनुसार घर में इन चीजों को रखने से धन हानि होने की रहती है संभावना

Vastu Tips For Home: आज के दौर में अधिकतर लोग वास्तु की तरफ विशेष ध्यान देते हैं। लेकिन इसके बावजूद भी कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं और यही चीजें आर्थिक तंगी का कारण बनती हैं। वास्तु के अनुसार घर में रखी हर एक चीज के लिए एक दिशा निर्धारित की गई है।
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का वास्तु खराब होने से घर-परिवार के लोगों की प्रगति में बाधा उत्पन्न होती है। पैसा टिक नहीं पाता और हमेशा कलह का माहौल बना रहता है। इसलिए आज के दौर में अधिकतर लोग वास्तु की तरफ विशेष ध्यान देते हैं। लेकिन इसके बावजूद भी कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं और यही चीजें आर्थिक तंगी लाने का काम करती हैं। जानिए वास्तु अनुसार घर में किन चीजों को रखने से धन हानि हो सकती है।

घर में कभी भी टूटे फूटे बर्तन, खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान, चटका हुआ शीशा, टूटी हुई तस्वीरें, खराब फर्नीचर, घड़ी, टूटे दीपक, पुरानी झाड़ू नहीं रखनी चाहिए। माना जाता है कि इन चीजों को घर में रखने से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। जिससे घर परिवार के लोगों की तरक्की नहीं हो पाती है और मां लक्ष्मी का घर में आगमन नहीं हो पाता है।
 

इसे भी पढ़ें: Dream Meaning: सपने में इन चीजों को देखने का मतलब है मिलने वाला है धन

 
घर में कभी भी महाभारत युद्ध के चित्र, ताजमहल की फोटो, नटराज की मूर्ति, डूबती नाव की तस्वीर, जंगली जानवर की तस्वीर, कांटेदार पौधों के चित्र नहीं लगाने चाहिए। ऐसी तस्वीरें घर में लगाना बेहद ही अशुभ माना जाता है। इससे घर परिवार के लोगों के बीच कलह होने की स्थिति बनती है। ये तस्वीरें मानसिकता पर बुरा असर डालती हैं।

वास्तु शास्त्र अनुसार घर की छत भी गंदी नहीं रखनी चाहिए। इससे आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मान्यता है ऐसा करने से बरकत नहीं आती। इसलिए छत पर कभी भी कबाड़ इकट्ठा न होने दें। इससे घर के लोगों को मानसिक परेशानियां झेलनी पड़ती है और धन हानि होने के आसार रहते हैं।
 
घर को आकर्षक दिखाने के लिए लोग नकली कांटेदार पौधे लगा लेते हैं। लेकिन वास्तु शास्त्र अनुसार ऐसा कभी भी नहीं करना चाहिए। इससे घर परिवार के सदस्यों के बीच वाद-विवाद होने के आसार रहते हैं।

घर में कभी भी फटा हुआ पर्स या टूटी हुई तिजोरी भी नहीं रखनी चाहिए। मान्यता है कि इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा आती है। इससे धन कभी नहीं टिक पाता। आर्थिक तरक्की के लिए पर्स में 5 इलायची रखनी चाहिए। पर्स में चाबियां भी नहीं रखनी चाहिए और न ही भगवान की फटी हुई तस्वीरें रखनी चाहिए।

घर में कभी भी देवी-देवताओं की टूटी हुई या फटी हुई तस्वीरें नहीं रखनी चाहिए। माना जाता है ऐसा करने से घर में वास्तु दोष उत्पन्न होता है और धन हानि होने की आशंका रहती है। अगर आपके घर में ऐसी तस्वीरें हैं तो उसे तुरंत ही बहते पानी में प्रवाहित कर दें। साथ ही कभी भी भगवान की विकराल रूप की मूर्ति या तस्वीर भी नहीं रखनी चाहिए।

घर में कभी भी पुराने और कटे फटे कपड़ों की पोटली बनाकर भी नहीं रखनी चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि पुराने न इस्तेमाल होने वाले कपडे घर में नकारात्मक ऊर्जा का निर्माण करते हैं। इससे धन हानि होने के भी आसार रहते हैं।